लखनऊ सुपर जायंट्स को मंगलवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। यह मौजूदा सीजन में लखनऊ की 9वीं हार रही, जबकि राजस्थान ने अपनी 7वीं जीत दर्ज की। मैच के बाद पूर्व भारतीय कप्तान और मशहूर कमेंटेटर सुनील गावस्कर अपने एक बयान को लेकर चर्चा में आ गए।
दरअसल, गावस्कर ने मैच के दौरान लखनऊ के तेज गेंदबाज आकाश सिंह के प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया दी, जिसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने उन्हें जमकर ट्रोल करना शुरू कर दिया।
राजस्थान के खिलाफ महंगे साबित हुए आकाश सिंह
कुछ दिनों पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाले आकाश सिंह राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ पूरी तरह संघर्ष करते नजर आए। उन्होंने अपने 3 ओवर के स्पेल में 54 रन खर्च किए और केवल एक विकेट हासिल किया।
आकाश सिंह का यह प्रदर्शन टीम के लिए काफी महंगा साबित हुआ और राजस्थान ने मुकाबले में आसानी से जीत दर्ज कर ली।
क्या था पूरा मामला?
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ पिछले मैच में जब भी आकाश सिंह विकेट लेते थे, तब वह अपनी जेब से एक छोटी चिट निकालकर सेलिब्रेशन करते दिखाई दिए थे। उनका यह अंदाज सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
लेकिन राजस्थान के खिलाफ खराब गेंदबाजी के बाद सुनील गावस्कर ने कमेंट्री के दौरान इस सेलिब्रेशन पर तंज कस दिया।
गावस्कर ने कहा,
“अब वो चिट कहां है? जेब में ही है ना? कहां गई वो चिट? मुझे क्रिकेट में थोड़ी विनम्रता पसंद है। एक गेंद पर विकेट लेने से कुछ नहीं होता, क्योंकि बाकी गेंदों पर बल्लेबाज आपकी जमकर धुनाई भी कर सकते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि आकाश सिंह ने 17 गेंदों में 48 रन लुटा दिए, जो टीम के लिए बेहद खराब साबित हुआ।
सोशल मीडिया पर भड़के फैंस
सुनील गावस्कर की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर फैंस दो हिस्सों में बंट गए। कुछ लोगों ने गावस्कर के बयान को सही बताया, जबकि कई फैंस ने इसे युवा खिलाड़ी का मजाक उड़ाने वाला बयान करार दिया।
कई यूजर्स ने कहा कि खराब प्रदर्शन किसी भी खिलाड़ी के साथ हो सकता है और सीनियर खिलाड़ियों को युवा क्रिकेटरों का मनोबल बढ़ाना चाहिए।


